दूसरी शादी बनी पति की मौत की वजह! पत्नी ने भांजे के जरिए डेढ़ लाख की दी सुपारी, हत्याकांड का खुलासा; चार गिरफ्तार

Reena Sharma
4 Min Read

पलामू। जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में हुए तुलेश्वर महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पति की दूसरी शादी से नाराज पत्नी ने अपने भांजे के साथ मिलकर डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या करवा दी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक गोली और दो मोटरसाइकिल सहित कई सामान बरामद किए गए हैं।

घर से बाहर बुलाकर मारी गई थी गोली

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे ग्राम बेदानीखुर्द निवासी तुलेश्वर महतो (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय मधेश्वर महतो को अज्ञात अपराधियों ने घर से बाहर बुलाकर गोली मार दी थी। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी।

मामले में मृतक के भाई मुरारी महतो के बयान पर तरहसी थाना कांड संख्या 114/26, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

दूसरी शादी से नाराज पत्नी ने रची हत्या की साजिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मृतक के साढ़ू शैलेश महतो के पुत्र राहुल कुमार, निवासी गड़वट, थाना मनातू से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसके मौसा तुलेश्वर महतो ने उसकी मौसी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर उर्मिला देवी ने अपने भांजे राहुल के माध्यम से पति की हत्या की साजिश रची थी।

डेढ़ लाख रुपये देकर कराई गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए उर्मिला देवी ने राहुल को डेढ़ लाख रुपये दिए थे। इसके बाद राहुल ने अपने साथ ट्रक चलाने वाले शंकर यादव, निवासी पसांगन, थाना मनिका, जिला लातेहार से संपर्क किया। शंकर के माध्यम से डोकी गांव निवासी नरेश सिंह को पैसे देकर तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या कराई गई।

पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उर्मिला देवी, पति तुलेश्वर महतो, ग्राम बेदानीखुर्द, थाना तरहसी, पलामू; राहुल कुमार, पिता शैलेश महतो, ग्राम गड़वट, थाना मनातू, पलामू; शंकर यादव, पिता यदुनंदन यादव, ग्राम पसांगन, थाना मनिका, लातेहार और नरेश सिंह, पिता मोहन सिंह, ग्राम डोकी, थाना मनिका, लातेहार शामिल हैं।

देशी कट्टा, गोली और दो मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक गोली, घटना में इस्तेमाल की गई आर-15 मोटरसाइकिल और रेकी के लिए इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा सभी आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

विशेष छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में लेस्लीगंज (पांकी) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक पाटन अंचल, तरहसी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक राजेश रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक मनिन्द्र कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक अनन्त कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक मो. महताब आलम, तरहसी थाना रिजर्व गार्ड और तकनीकी शाखा पलामू की टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई से तरहसी हत्याकांड का उद्भेदन हो गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article