झारखंड को 2029 तक विकसित राज्य बनाने की पहल
झारखंड को वर्ष 2029 तक विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ कांग्रेस की ओर से ‘थिंक 29’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश का वन-टू-वन बाइट लिया गया, जिसमें उन्होंने कल होटल बीएनआर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा और खासियतों की जानकारी दी।
देशभर के विशेषज्ञ साझा करेंगे अपने विचार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि ‘थिंक 29’ के तहत आयोजित संगोष्ठी में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस दौरान झारखंड की खनिज संपदा का बेहतर उपयोग, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, सुशासन और समावेशी विकास जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विकसित झारखंड के लिए तैयार होगी ठोस रणनीति
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य झारखंड को 2029 तक विकसित राज्य बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है। कार्यक्रम में राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श कर भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
महिलाओं की भागीदारी और योगदान पर विशेष चर्चा
कार्यक्रम के दूसरे चरण में महिलाओं की भागीदारी और राज्य के विकास में उनके योगदान पर विशेष चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का यह आयोजन झारखंड के विकास को लेकर नई सोच और रणनीति तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

