विष्णुपद मंदिर में सजा मिठाइयों का भव्य पहाड़, 300 किलो देसी घी के लड्डुओं से मना अनूठा अन्नकूट महोत्सव

Reena Sharma
2 Min Read

फूलों और रोशनी से जगमगाया विष्णुपद मंदिर

गयाजी की मोक्षदायिनी धरती पर स्थित विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। श्रद्धा और भक्ति के इस अद्भुत आयोजन में हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

अन्न की जगह मिठाइयों का बनाया गया विशाल पहाड़

आमतौर पर अन्नकूट महोत्सव में अन्न का पहाड़ बनाया जाता है, लेकिन गया के विष्णुपद मंदिर की परंपरा बिल्कुल अनूठी है। यहां अन्न की जगह मिठाइयों का विशाल पहाड़ तैयार किया जाता है। विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति की देखरेख में 300 किलो से अधिक शुद्ध देसी घी के लड्डुओं और विभिन्न मिठाइयों से यह भव्य पहाड़ बनाया गया। इसके ऊपर भगवान नारायण के पावन चरण विराजमान किए गए।

56 व्यंजनों का भोग और दिव्य महाआरती

उत्तरामठ के आचार्यों के सानिध्य में भगवान विष्णु के चरणों की विशेष पूजा-अर्चना, दिव्य शृंगार और महाआरती की गई। भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग भी लगाया गया।

महाप्रसाद के लिए उमड़े श्रद्धालु

मान्यता है कि अन्नकूट महोत्सव में भगवान के दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। जय श्री हरि के जयकारों से पूरा विष्णुधाम भक्तिमय हो उठा।

Share This Article