पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम ढूब में हुई गुनी भुइयां (50) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मनतोरवा देवी (47) और बड़े पुत्र कैलू भुइयां (26) को गिरफ्तार किया है। दोनों ग्राम ढूब के निवासी हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक टांगी भी बरामद की है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
दिनांक 09 नवंबर 2026 की रात पांकी थाना को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम ढूब निवासी गुनी भुइयां, पिता स्व. जेसरी भुइयां की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में पांकी थाना कांड संख्या 172/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पत्नी और बड़ा पुत्र गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त मृतक की पत्नी मनतोरवा देवी और बड़े पुत्र कैलू भुइयां को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ग्राम ढूब, थाना पांकी, जिला पलामू के निवासी हैं।
वारदात में इस्तेमाल टांगी बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक टांगी बरामद की है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को मामले के अनुसंधान में अहम कार्रवाई माना गया है।
छापामारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापामारी दल में पांकी थाना प्रभारी पु०अ०नि० दीपक कुमार सिंह, पु०अ०नि० रंजीत कुमार और पांकी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

