डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:अगर आप आगामी सर्दियों में झारखंड से पंजाब की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने टाटानगर और अमृतसर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण ‘जलियांवाला बाग एक्सप्रेस’ को रद्द करने का अपना पिछला निर्णय वापस ले लिया है। अब यह ट्रेन शीतकालीन सत्र के दौरान भी अपने पुराने समय के अनुसार नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी।
जनदबाव और पहल के बाद झुका रेल प्रशासन
दरअसल, रेलवे ने पिछले दिनों घने कोहरे और धुंध का हवाला देते हुए इस ट्रेन का परिचालन अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की थी। इस फैसले के बाद से ही स्थानीय नागरिकों और विशेषकर सिख समुदाय में भारी नाराजगी देखी जा रही थी। लगातार उठ रही मांगों और जनविरोध को देखते हुए आखिरकार रेल विभाग को अपना फैसला बदलना पड़ा। इस निर्णय से अमृतसर जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों की यात्रा सुगम हो सकेगी।
यात्रियों के लिए जरूरी तारीखें और ट्रेन नंबर
रेलवे द्वारा जारी नई अधिसूचना के मुताबिक, इस ट्रेन का संचालन बिना किसी बदलाव के जारी रहेगा।
टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18103): यह ट्रेन 02 दिसंबर से लेकर 24 फरवरी तक अपने निर्धारित समय पर नियमित चलेगी।
अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18104): वापसी की दिशा में यह ट्रेन 04 दिसंबर से 26 फरवरी तक अपने पूर्व तय शेड्यूल के मुताबिक ही संचालित की जाएगी।
सांसद का जताया आभार, समुदाय में खुशी की लहर
ट्रेन के नियमित संचालन की खबर मिलते ही सिख समुदाय में उत्साह का माहौल है। इस मुद्दे पर सकारात्मक पहल करने के लिए समुदाय के लोगों ने स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो का स्वागत व अभिनंदन किया।
इस मौके पर भाजपा के सिख नेता सरदार सतबीर सिंह सोमू ने कहा कि यह फैसला सभी के एकजुट प्रयासों और लगातार की गई कोशिशों की जीत है। उन्होंने इस मुहिम में साथ देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

