बाघमारा। मंडल केंदुआडीह गांव के ग्रामीणों से मिलकर बाघमारा सीओ गिरिजानंद किस्कू ने उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद बीसीसीएल अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। सीओ ने स्पष्ट कहा कि यदि गाइडलाइन से हटकर काम किया गया तो मजबूरन बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी। गुरुवार की शाम ग्रामीणों के आग्रह पर सीओ गांव पहुंचे और बीसीसीएल एरिया वन क्षेत्र के अंतर्गत संचालित संजय उद्योग एवं एएमपी कोलियरी के परियोजना विस्तार कार्य का निरीक्षण कर असंतोष जताया।
मनमाने ढंग से उत्खनन करने का लगाया आरोप
मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए बाघमारा सीओ ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन मनमाने ढंग से उत्खनन कार्य कर रही है। मंडल केंदुआडीह में कहीं घरों के समीप तो कहीं ग्रामीण सड़क को लगभग काटकर परियोजना विस्तार का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल प्रबंधन डीजीएमएस के नियमों और केंद्र सरकार की गाइडलाइन का भी पालन नहीं कर रही है।
ब्लास्टिंग के लिए ड्रिलिंग कार्य तत्काल कराया बंद
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण सड़क के समीप ब्लास्टिंग के लिए ड्रिलिंग कार्य कर रही मशीन को सीओ ने तत्काल बंद करवा दिया। साथ ही स्थानीय बीसीसीएल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिया कि एक-दो दिनों के अंदर ग्रामीणों के साथ बैठक कर विस्थापन के नियमों के अनुसार उचित व्यवस्था करने का प्रयास करे।
जमीन की मापी कराकर कार्रवाई की चेतावनी
सीओ गिरिजानंद किस्कू ने कहा कि यदि बीसीसीएल प्रबंधन ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो सरकारी अमीन को बुलाकर जमीन की मापी कराई जाएगी और प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित करने पर भी जताई नाराजगी
सीओ ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन कभी मंडल केंदुआडीह बस्ती की बिजली काट देती है तो कभी पानी की आपूर्ति प्रभावित कर देती है। यदि इस तरह की शिकायत मिलती है तो बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रबंधन को ग्रामीणों की बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखने का निर्देश दिया।
100 वर्षों से रह रहे ग्रामीणों ने रखी विस्थापन की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से मंडल केंदुआडीह में रह रहे हैं। अब वे अपना घर छोड़कर कहां जाएं। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रबंधन पहले उचित मुआवजा देने के साथ रहने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराए, इसके बाद वे स्वयं अपने-अपने घर खाली कर देंगे। बैठक में ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपनी मांग रखी, जिसके बाद स्थानीय बीसीसीएल प्रबंधन के सामने उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना आसान नहीं रहा।

