घाटशिला। छठ महापर्व की तैयारी के बीच रविवार सुबह घाटशिला थाना क्षेत्र की पावड़ा पंचायत के साड़पुरा गांव में गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो गया। मनोहर साहू के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के दो-तीन घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर घाटशिला थाना की पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रसाद बनाने की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मनोहर साहू के घर में छठ पर्व का प्रसाद बनाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान उनकी पत्नी नीतू देवी गैस सिलेंडर का कनेक्शन जोड़ने की तैयारी कर रही थीं। तभी सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ और अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और घर के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें आसपास के मकानों तक पहुंच गईं।
बिजली उपकरण, घरेलू सामान और कारोबार का माल जलकर राख
अगलगी में घर के दो कमरों के बिजली उपकरण, पंखे, लाइट, स्विच बोर्ड, वायरिंग, अलमारी और ड्रेसिंग टेबल जलकर नष्ट हो गए। छठ पूजा के लिए रखी सामग्री, खाद्य पदार्थ और शादी के अवसर पर घर में रखे सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। मनोहर साहू घर में छोटे स्तर पर साबुन और डिटर्जेंट समेत अन्य उत्पादों का कारोबार भी करते हैं। आग में साबुन, डिटर्जेंट, मॉर्टिन, हैंडवॉश, हार्पिक समेत करीब 15 से 20 प्रकार के उत्पाद जल गए।
पांच लाख रुपये के नुकसान का दावा, गैस कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप
मनोहर साहू ने बताया कि अगलगी में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने इंडियन ऑयल की गैस एजेंसी के घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले कर्मचारी पर कथित लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गैस सिलेंडर कनेक्शन के लिए घर लाया गया था। इसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस आपूर्ति करने वाले कर्मचारी सिलेंडर की उचित जांच किए बिना घरों तक आपूर्ति करते हैं। मनोहर साहू ने कहा कि इस मामले में वे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को लिखित शिकायत देंगे। उन्होंने बताया कि भगवान की कृपा से आग में किसी को चोट नहीं आई और कोई हताहत नहीं हुआ। समय रहते आग पर काबू पा लेने से घर का शेष हिस्सा और बगल का मकान सुरक्षित बच गया।
गैस एजेंसी और इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने पर धालभूम गैस एजेंसी के प्रतिनिधि और इंडियन ऑयल के पदाधिकारी दीपक प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी इंडियन ऑयल के संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

