​शराब की महफिल बनी खूनी अखाड़ा: श्मशान घाट के पास दोस्त ने ही बोतल से पीट-पीटकर की हत्या, दो गिरफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक खौफनाक वारदात सामने आई है। कल्पनापुरी श्मशान घाट के पास स्थित सुनसान इलाके में साथ बैठकर नशा कर रहे युवकों के बीच उपजे मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि साथियों ने ही एक युवक की शराब की बोतल से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
​घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और पूरे जंगल व झाड़ियों के इलाके को घेर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

नशे की महफिल में छिड़ा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मृतक और उसके साथी श्मशान भूमि के पास छिपकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्साए साथियों ने कांच की खाली बोतलों से ताबड़तोड़ वार कर युवक की जान ले ली।

​पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से गुप्त जगह पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हत्या की असल वजहों की गहराई से छानबीन की जा रही है।

Share This Article