आदित्यपुर में चोरों के मंसूबों पर फिरा पानी: आधी रात को कंपनी से उड़ाई थीं 3 लाख की बैटरियां, पुलिस ने चंद घंटों में किया ‘क्लीन स्वीप’

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर में अपराधियों के हौसले पस्त करते हुए स्थानीय पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बेबको कंपनी के यार्ड से चोरी हुई करीब 3 लाख रुपये मूल्य की सभी 20 बैटरियों को पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले वास्को नगर के तीन शातिर चोरों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

आधी रात को हुई थी वारदात, दो चरणों में हुई बरामदगी
घटना 23 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की है, जब अज्ञात चोरों ने बेबको कंपनी के प्लांट परिसर स्थित यार्ड में सेंध लगाकर वहां रखी 20 बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया। कंपनी कर्मचारियों की ओर से सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए इलाके में घेराबंदी और छापेमारी शुरू कर दी।
​पुलिस की शुरुआती दबिश का असर यह हुआ कि त्वरित कार्रवाई में ही 16 बैटरियां हाथ लग गईं। इसके बाद बाकी बची 4 बैटरियों और गुनहगारों की तलाश तेज की गई।

वास्को नगर के निकले तीनों आरोपी, कड़ाई से पूछताछ में उगला सच
सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस के हत्थे तीन संदिग्ध चढ़े, जिनकी पहचान वास्को नगर निवासी सिंघराय समाद, समीर हंसदा और नारायण हेम्ब्रम के रूप में हुई। पुलिस ने जब तीनों से सख्ती से पूछताछ की, तो वे टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई शेष 4 बैटरियों को भी जब्त कर लिया। आदित्यपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने राहत की सांस ली है।

Share This Article