APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल पर रखते थे कब्जा, देवघर में तीन साइबर ठग गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

देवघर। एसपी प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 नवंबर को सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे साइबर ठगी

पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से आमलोगों को APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर रहे हैं। इसके बाद मोबाइल के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और बरामदगी

गिरफ्तार आरोपियों में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी सराफत अंसारी तथा मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के चिहुंटिया गांव निवासी राजन कुमार दास और राहुल कुमार दास शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिमकार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल और सिमकार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता पाई गई है।

न्यायालय में पेशी के बाद तीनों भेजे गए जेल

तीनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से प्राप्त निर्देश के बाद पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया। छापेमारी टीम में साइबर थाना के इंस्पेक्टर नागेंद्र कुमार मंडल, सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

एक आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में राजन कुमार दास का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में 9 अगस्त 2025 को देवघर साइबर थाना कांड संख्या 111/2025 में दर्ज मामले में जेल जा चुका है। उक्त मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा आईटी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

Share This Article