धनबाद। धनबाद रेलवे यार्ड में खड़ी एलएचबी कोचों से अंडर गियर कॉपर केबल चोरी करने के मामले का आरपीएफ ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई कुल 112 मीटर कॉपर केबल, एक मोटरसाइकिल और एक हेक्सा ब्लेड बरामद किया गया है।
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 42/2026, दिनांक 27.11.2026 के तहत धारा 3 आरपी (यूपी) एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
दो एलएचबी कोचों से चोरी हुई थी 112 मीटर केबल
दिनांक 26.11.2026 को धनबाद यार्ड में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों एवं संतोष कुमार सिंह, एसएसई/टीएल एंड एसी/धनबाद द्वारा सूचना दी गई कि यार्ड की लाइन नंबर-03 में खड़ी एलएचबी कोच संख्या EC/LWCBAC-243878 एवं EC/LWCBAC-222824 से अंडर गियर कॉपर केबल चोरी कर ली गई है।
इसके बाद 27.11.2026 को एसएसई संतोष कुमार सिंह एवं आरपीएफ के एसआई पालिक मिंज ने संयुक्त रूप से कोचों का निरीक्षण किया। जांच में पहली कोच से 50 वर्ग मिमी की 60 मीटर तथा दूसरी कोच से 25 वर्ग मिमी की 52 मीटर कॉपर केबल गायब पाई गई। कुल 112 मीटर चोरी हुई केबल की अनुमानित कीमत 38,752.99 रुपये आंकी गई। इस संबंध में संयुक्त नोट तैयार कर दो ओपीआरएस भी जारी किए गए।
गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना के उद्भेदन के लिए 26.11.2026 से ही जांच-पड़ताल शुरू कर मुखबिर खास को तैनात किया गया था। इसी क्रम में रात में मिली गुप्त सूचना के आधार पर अंडर गियर कॉपर केबल चोरी करने के आरोप में मो. शहाबुद्दीन उर्फ मधु को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान उसने अपने चार अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद उसकी निशानदेही पर कतरास के श्यामडीह में छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने धनबाद रेलवे यार्ड से कॉपर केबल काटकर चोरी करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते
गिरफ्तार आरोपियों में सोहेब अंसारी, पिता आजाद अंसारी; मोईन अंसारी, पिता मो. अलाउद्दीन अंसारी; ओम कुमार सिंह, पिता नागेश्वर सिंह; मो. ताज अंसारी, पिता मो. कयूम अंसारी तथा मो. शहाबुद्दीन उर्फ मधु, पिता मो. कमरुद्दीन शामिल हैं।
चोरी का सामान और मोटरसाइकिल जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर धनबाद रेलवे यार्ड से चोरी की गई पूरी 112 मीटर अंडर गियर कॉपर केबल बरामद की गई। इसके अलावा एसपी कंपनी की एक मोटरसाइकिल, जिसका पंजीयन नंबर JH10DK8868 है, तथा एक हेक्सा ब्लेड भी जब्त किया गया। मामले में एसएसई/टीएल एंड एसी/धनबाद संतोष कुमार सिंह के लिखित शिकायत के आधार पर आरपीएफ पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 42/2026, दिनांक 27.11.2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार को सौंपी गई थी।
रेलवे न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय रेलवे न्यायालय धनबाद में अग्रसारित किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, आईसीजेएस में तकनीकी खराबी के कारण आरोपियों का आपराधिक इतिहास जांचा नहीं जा सका।

