डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से आने वाला समय बड़ी राहत लेकर आ रहा है। अब तक हार्ट की गंभीर समस्या, जटिल हर्निया या आंखों की बारीक सर्जरी के लिए मरीजों को बाहर के शहरों या बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, लेकिन जल्द ही शहर के भीतर ही इन सुविधाओं का दायरा तेजी से बढ़ने जा रहा है।
एमजीएम अस्पताल में हार्ट के मरीजों को मिलेगा बड़ा सहारा
एमजीएम अस्पताल में छठे तल्ले पर कैथ लैब शुरू होने की तैयारी तेज कर दी गई है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा के अनुसार, फिलहाल यहां केवल हार्ट विभाग से जुड़ी ओपीडी सेवाएं संचालित हैं और गंभीर स्थिति में मरीजों को बाहर रेफर करना पड़ता है। छठे तल्ले पर कैथ लैब शुरू होने के बाद कोरोनरी एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं यहीं संभव हो सकेंगी। इससे कोल्हान प्रमंडल, बंगाल और ओडिशा से आने वाले गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को सरकारी दरों पर बेहतर हृदय चिकित्सा मिल सकेगी।
प्रशासनिक स्तर पर भी काम को गति दी गई है। भवन निर्माण विभाग और आर्किटेक्ट की टीम ने छठे तल्ले का निरीक्षण किया है, जहां कैथ लैब के साथ-साथ ऑक्सीजन, आईसीयू, ओटी और अन्य आवश्यक सुविधाएं जुड़नी हैं। इसके अलावा आईसीयू व चर्म रोग विभाग को शिफ्ट करने के लिए नई बिल्डिंग में ऑक्सीजन की सुविधा बढ़ाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान लिफ्ट न होने, टाइल्स न लगने और खुले बिजली के तारों जैसी खामियां भी सामने आई हैं, जिन्हें जल्द दुरुस्त कर विभागों को तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
टाटा मोटर्स अस्पताल में नए साल से बढ़ेंगी नई सर्जिकल व जांच सुविधाएं
दूसरी ओर, टाटा मोटर्स अस्पताल में नए साल से हर्निया और आंखों की प्लास्टिक सर्जरी की आधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही फेफड़ों की कार्यक्षमता जांचने की सुविधा भी और बेहतर होगी, जिससे गंभीर बीमारियों के मरीजों को बाहर जाने की जरूरत कम पड़ेगी।
इन नई सेवाओं की तैयारी के तहत टाटा मोटर्स के मैनेजमेंट ट्रेनिंग सेंटर में टाटा मोटर्स मेडिकल सोसाइटी के 52वें वार्षिक मेडिकल सम्मेलन के दौरान कार्यशाला आयोजित की गई। देश-विदेश से आए विशेषज्ञों ने स्थानीय चिकित्सकों को नई तकनीकों और आधुनिक उपकरणों के व्यावहारिक इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया।
हर्निया सर्जरी: विशेषज्ञ डॉ. रमण जानी ने बिना बड़े चीरे के जटिल हर्निया और पेट की मांसपेशियों की मरम्मत से जुड़ी लैप्रोस्कोपिक तकनीकों पर जानकारी दी।
आंखों की सर्जरी: रिम्स (रांची) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपक लकड़ा ने आंसू नली में रुकावट दूर करने और पलकों में बारीक टांके लगाने की आधुनिक तकनीक का लाइव प्रशिक्षण दिया।
फेफड़ों की जांच: फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश लोहिया ने स्पैरोमेट्री मशीन के जरिए फेफड़ों की क्षमता जांचने और रिपोर्ट को सही तरीके से समझने का तरीका साझा किया।
इस आयोजन में सोसाइटी के पेट्रोन डॉ. अजितेश भोग, मेडिकल सर्विसेज प्रमुख डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुणिमा वर्मा सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। कुल मिलाकर, बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने और डॉक्टरों को नई तकनीकों से जोड़ने की यह पहल शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था को एक नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

