झारखंड बंद का ऐलान वापस, अब 28 नवंबर को आदिवासी संगठन मनाएंगे काला दिवस; राजधानी में 2000 पुलिसकर्मी तैनात

Reena Sharma
3 Min Read

रांची: झारखंड सरकार की ओर से 28 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाने के फैसले के विरोध में आदिवासी संगठनों ने प्रस्तावित झारखंड बंद वापस ले लिया है। अब संगठन इस दिन काला दिवस मनायेंगे। ऑक्सीजन पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठनों के प्रतिनिधियों ने इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि आदिवासी संगठनों ने पहले 28 नवंबर को झारखंड बंद का आह्वान किया था, लेकिन कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने की खबर सामने आने के बाद बंद वापस लेने का फैसला किया गया। अब आदिवासी समुदाय के लोग अपने-अपने क्षेत्रों में काली पट्टी बांधकर विरोध जतायेंगे। इसके अलावा कई स्थानों पर पुतला दहन भी किया जायेगा।

काली पट्टी बांधकर विरोध जतायेंगे आदिवासी समुदाय के लोग

आदिवासी संगठनों के राहुल तिकों, संगीता कच्छप, विवेक उरांव और आकाश तिकी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों के संगठनों से भी अपील की गयी है। उनका कहना है कि 15 नवंबर को स्थापना दिवस नहीं मनाना भगवान बिरसा मुंडा, झारखंड की ऐतिहासिक पहचान और वीर शहीदों के बलिदान का अपमान है। संगठनों ने 15 नवंबर के ऐतिहासिक महत्व का सम्मान करने और राज्य की अस्मिता से खिलवाड़ बंद करने की मांग की।

कई आदिवासी संगठन विरोध प्रदर्शन में होंगे शामिल

विरोध प्रदर्शन में आदिवासी बचाओ युवा मोर्चा, आदिवासी छात्र संघ, आदिवासी मूलवासी मंच और राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा सहित कई संगठन शामिल होंगे। संगठनों ने राज्य के विभिन्न जिलों के आदिवासी समुदाय के लोगों से भी काला दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।

स्थापना दिवस समारोह को लेकर राजधानी में सुरक्षा कड़ी

इधर, आदिवासी संगठनों के काला दिवस और खेलगांव में आयोजित स्थापना दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। शनिवार को शहर में करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें 15 डीएसपी भी शामिल हैं। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और समारोह स्थलों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गयी है।

एसएसपी की निगरानी में रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एसएसपी सकेश रंजन कर रहे हैं। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।

Share This Article