डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: बाजार में मिलने वाले रंग-बिरंगे चिप्स, ठंडे पेय और इंस्टेंट नूडल्स अब पहले जैसे बेफिक्र होकर नहीं परोसे जा सकेंगे। बढ़ते मोटापे और खानपान से जुड़ी बीमारियों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद उत्पादों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा व मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) को निर्देश दिया है कि खाद्य उत्पादों के आगे वाले हिस्से में ‘फ्रंट-ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग’ (एफओपीएनएल) व्यवस्था को प्रभावी और अनिवार्य रूप से लागू किया जाए।
बच्चों और उपभोक्ताओं को मिलेगी सीधी जानकारी
अदालत का मानना है कि अक्सर लोग पैकेट के पीछे बारीक अक्षरों में लिखी पोषण जानकारी को नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में पैकेट के फ्रंट पर स्पष्ट चेतावनी आने से खरीदारी करते वक्त ही यह समझना आसान होगा कि उत्पाद सेहत के लिए कितना उपयुक्त है और कौन-सा विकल्प बेहतर हो सकता है। इस कदम का मकसद लोगों को अत्यधिक नमक, चीनी और वसा जैसे तत्वों के संभावित जोखिमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें ज्यादा संतुलित विकल्प चुनने के लिए प्रेरित करना है।
तीन हेक्सागोन प्रतीक और स्कूल सिलेबस पर जोर
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, पैकेट के मुख्य हिस्से पर तीन अलग-अलग हेक्सागोन चेतावनी चिह्न बनाए जाने का प्रावधान है, जिन पर ‘हाई शुगर’, ‘हाई सॉल्ट’ और ‘हाई फैट’ लिखा होगा। ये निशान पैकेट के सामने के हिस्से का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरें और इतने बड़े व साफ हों कि आसानी से पढ़े जा सकें। साथ ही, चेतावनी तैयार करते वक्त केवल अतिरिक्त चीनी या वसा के बजाय उत्पाद में मौजूद कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट को ध्यान में रखने की बात कही गई है।
अदालत ने यह भी साफ किया कि नमक, चीनी और सैचुरेटेड फैट की अधिकतम सीमा वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर इस तरह तय हो कि न तो हर पैकेट पर बिना वजह चेतावनी आ जाए और न ही सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पाद उस दायरे से बच निकलें। इसके अलावा, केंद्र को स्कूल पाठ्यक्रम में बदलाव कर बच्चों में व्यावहारिक पोषण समझ विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कम उम्र से ही बेहतर खानपान की आदतें बन सकें। यह मामला ‘अस एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ नामक सार्वजनिक चैरिटेबल ट्रस्ट की जनहित याचिका से जुड़ा है।

