डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी अब केवल वन्यजीवों के लिए ही नहीं, बल्कि आयुर्वेद, वनस्पति शोध और स्थानीय लोगों की आमदनी के लिहाज से भी अहम केंद्र बनने जा रहा है। वन विभाग ने यहां औषधीय पौधों (मेडिसिनल प्लांट्स) का एक विशेष बैंक स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है, जिसका उद्देश्य विलुप्त होने के कगार पर पहुंची दुर्लभ वनस्पतियों को बचाना और उनसे जुड़े अवसरों को आगे बढ़ाना है।
शोधकर्ताओं और आयुर्वेद से जुड़े लोगों के लिए बढ़ेगी सुविधा
इस परियोजना के तहत पहले चरण में पूरे वन क्षेत्र का सर्वेक्षण कर दुर्लभ जड़ी-बूटियों की विस्तृत सूची तैयार की जाएगी। इसमें प्रत्येक पौधे की पहचान के साथ-साथ उसका स्थानीय व वैज्ञानिक नाम, औषधीय गुण और मौजूदा उपलब्धता का ब्योरा दर्ज किया जाएगा। वन अधिकारियों के अनुसार, इस बैंक के तैयार होने से दुर्लभ जड़ी-बूटियों के संरक्षण के साथ-साथ शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और आयुर्वेद से जुड़े लोगों को अध्ययन व अनुसंधान के लिए बेहतर आधार मिलेगा। सूची बनने के बाद चिह्नित सुरक्षित क्षेत्र में नर्सरी और संरक्षण केंद्र बनाकर बीज व पौधे सुरक्षित रखे जाएंगे।
ग्रामीणों के लिए आजीविका और इको-टूरिज्म को नई रफ्तार
बदलते मौसम, वनों पर बढ़ते दबाव और अनियंत्रित दोहन के कारण कई महत्वपूर्ण औषधीय पौधों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। इस पहल में वन विभाग की टीम स्थानीय ग्रामीणों, वन समिति और इको-डेवलपमेंट कमेटी (ईडीसी) के सदस्यों और वनस्पति विज्ञान के जानकारों के साथ मिलकर विभिन्न बीट और रेंज में सर्वे करेगी। पौधों के संरक्षण व संवर्धन की इस प्रक्रिया से स्थानीय ग्रामीणों और ईडीसी सदस्यों को जोड़कर उनके लिए कमाई व आजीविका के नए रास्ते खुल सकेंगे। साथ ही, इससे दलमा की पारिस्थितिकी और मजबूत होगी तथा इको-टूरिज्म को भी नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
दलमा में मिलने वाली प्रमुख औषधीय वनस्पतियों का दायरा
शतावरी, अश्वगंधा, कालमेघ और गिलोय जैसी जड़ी-बूटियां
हर्रे, बहेड़ा, आंवला, सतावर, गुड़मार और सफेद मूसली सहित अन्य वनस्पतियां
पारंपरिक वैद्यों और आसपास के ग्रामीणों द्वारा सदियों से विभिन्न बीमारियों के उपचार में उपयोग की जाने वाली प्रजातियां पीसीसीएफ के मुताबिक, दुर्लभ प्रजातियों की जानकारी जुटाकर उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस खाका तैयार किया जा रहा है।

