डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह इस बार महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण आजीविका को मजबूती देने, युवाओं को आगे बढ़ाने और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के एक ठोस मंच के रूप में सामने आया। उपायुक्त राजीव रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और कुल 5 करोड़ 69 लाख 5 हजार 600 रुपये की परिसंपत्तियों तथा स्वीकृति पत्रों का वितरण किया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण को नई रफ्तार
इस आयोजन का सबसे बड़ा हिस्सा स्थानीय आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा देने से जुड़ा रहा। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के माध्यम से फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, कैश क्रेडिट लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि और समावेशी आजीविका योजना के तहत 2,000 से अधिक लाभुकों को 4.54 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई, जिससे जमीनी स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में आधुनिकता व स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिला।
मत्स्य पालन: 9 लाभुकों को 44.40 लाख रुपये की लागत से बायोफ्लॉक तालाब और नाव की सुविधा।
कृषि: 4 लाभुकों को 4.47 लाख रुपये के सौर ऊर्जा आधारित पंप व किसान क्रेडिट कार्ड की स्वीकृति।
पशुपालन व डेयरी: 4 लाभुकों को 2.70 लाख रुपये की ब्रॉयलर कुक्कुट योजना और 2 लाभुकों को 2 लाख रुपये की पनीर-खोआ निर्माण इकाई।
आवास व भूमि अधिकार: अबुआ आवास योजना के तहत 2 लाभुकों को स्वीकृति पत्र और 8 लाभुकों को वन पट्टा।
प्रतिभा सम्मान, रोजगार और सामाजिक समावेशन
समारोह में शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर भी कई अहम कदम उठाए गए। JAC, CBSE और ICSE बोर्ड परीक्षाओं में शानदार अंक हासिल करने वाले 7 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, मोबाइल फोन और प्रोत्साहन राशि के चेक देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 18 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जबकि सामाजिक सुरक्षा के दायरे को बढ़ाते हुए 3 ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र दिया गया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच और प्रशासनिक सराहना
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि 17 से 28 नवंबर तक चले पखवाड़े के दौरान जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे प्राप्त संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर अपनी आमदनी और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान के लिए बोड़ाम के बीडीओ किकु महतो, गोलमुरी सह जुगसलाई के बीडीओ सुमित प्रकाश और अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

