बड्स गार्डेन स्कूल में भव्य रूप से मना ‘मातृ-पितृ आदर उत्सव’, 1200 बच्चों ने विधि-विधान से किया माता-पिता का पूजन

Reena Sharma
3 Min Read
{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{},"edited_since_last_sticker_save":false,"containsFTESticker":false,"is_sticker":false}

राजगंज, दलूडीह स्थित बड्स गार्डेन स्कूल में भव्य रूप से ‘मातृ-पितृ आदर उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 1200 छात्र-छात्राओं के साथ करीब 2000 अभिभावक एवं माता-पिता शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी आगंतुकों का शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आदरपूर्वक स्वागत एवं सम्मान किया। इसके पश्चात विद्यालय के भव्य मैदान में सभी बच्चों ने एक साथ पूरे विधि-विधान के साथ अपने माता-पिता का पूजन किया।

मंत्रोच्चारण के बीच बच्चों ने किया माता-पिता का पूजन

पूजन के दौरान गायत्री परिवार से आए बिरजू भैया के मंत्रोच्चारण के बीच बच्चों ने अपने माता-पिता को तिलक लगाया, उनके हाथों में मौली धागा बांधा तथा अक्षत एवं पुष्प अर्पित कर उनकी परिक्रमा की। इसके साथ ही बच्चों ने माता-पिता की आरती उतारी और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों के माता-पिता को उपहार भी प्रदान किए गए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन

मातृ-पितृ पूजन संस्कार के पश्चात विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया एवं चेयरमैन ए.के. पाल ने अपने संबोधन में सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय की सांस्कृतिक टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बना दिया। वहीं, स्कूली बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई हस्तकलाओं, कलाकृतियों एवं चित्रों का प्रदर्शन किया। छोटे-छोटे बच्चों ने माता-पिता पर आधारित गीत-संगीत एवं नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

अभिभावकों ने की विद्यालय की पहल की सराहना

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावक काफी प्रसन्न नजर आए। इस दौरान गोपाल सिंह सहित कई अभिभावकों ने अपने संबोधन में विद्यालय की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित होते हैं तथा उनके मन में माता-पिता के प्रति आदर और सम्मान की भावना बढ़ती है।

ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन सभी विद्यालयों में होना चाहिए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुस्लिम धर्म के बच्चों के लिए भी उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विशेष व्यवस्था की गई। उनके कौम के धार्मिक गुरु मोहम्मद हाफिज खुर्शीद के मार्गदर्शन में बच्चों ने अपने माता-पिता के प्रति आदर एवं सम्मान प्रकट किया। इन बच्चों ने अपने माता-पिता को गले लगाया और गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया।

सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का हुआ समापन

विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों एवं अभिभावकों के लिए सामूहिक भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। विद्यालय की निदेशिका गौरी चौरसिया ने भी सभी अभिभावकों का सम्मान किया तथा कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं एडमिन सदस्यों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया, ताकि बच्चों में अपने माता-पिता के प्रति आदर, प्रेम एवं सम्मान की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

Share This Article