मिरर मीडिया धनबाद : गोविंदपुर अंचल अधिकारी को कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने के बाद अपर समाहर्ता नंदकिशोर गुप्ता ने जवाब तलब किया है। बता दें कि बुधवार को अपर समाहर्ता नंदकिशोर गुप्ता दोपहर करीब 3 बजे अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे इस दौरान सीओ को अपने कार्यालय से अनुपस्थित रहने के बाद शो कॉज करते हुए 24 घंटे में उनका जवाब मांगा है।
एक पत्र जारी करते हुए उसमें जिक्र किया गया है कि आम जनों एवं अन्य स्तरों से अंचल कार्यालय में अनुपस्थिति के संबंध में प्राप्त शिकायत के आलोक में आमजनों द्वारा लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सत्य परिलक्षित हो रही है। विदित हो कि आमजनों द्वारा दाखिल-खारिज कार्य को लंबित रखने तथा अंचल ऑपरेटर मुकेश कुमार तिवारी द्वारा अन्यत्र किसी स्थान से कार्य करने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी।
जबकि निरक्षण के क्रम में कंप्यूटर ऑपरेटर भी कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। जो कि आमजनों द्वारा लगाए गए आरोप एवं विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों के सत्य होने की प्रबल संभावना को दर्शाता है। इस कृत से आमजनों के बीच राजस्व कार्य एवं जनहित कार्यों के प्रति अविश्वास उत्पन्न होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं इस पूरे मामले पर पत्राचार करते हुए गोविंदपुर सीओ को 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

