मिरर मीडिया : सोमवार से अगले कुछ दिनों तक पड़ रही भीषण गर्मी से थोड़ी राहत की उम्मीद है। दरअसल बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं उत्तर भारत को राहत पहुंचाएंगी। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा में अगले तीन दिनों तक आंधी चलने के आसार हैं। कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे भी पड़ेंगे। कुछ इलाकों में अचानक 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लिहाजा उत्तर-पश्चिमी इलाकों में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। मध्य व पूर्वी भारत के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र में पारा 2-3 डिग्री नीचे आ सकता है।
वहीं मौसम विभाग कि माने तो बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर से आने वाली हवाओं की वजह से अगले 5 दिनों तक बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में तेज आंधी आ सकती है और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।स्काइमेट के मुताबिक, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास पहुंच गया है। एक ट्रफ रेखा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होते हुए दक्षिण बिहार और उत्तरी झारखंड होकर गंगीय पश्चिम बंगाल तक जा रही है।

