मिरर मीडिया : आज देश-दुनिया में ईद-उल-फितर यानी ईद मनाई जा रही है। हालांकि, कई देशों ने एक दिन पहले चांद देखने के बाद 2 मई को ही ईद मना ली। ईद के मौके पर आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जामा मस्जिद में लोगों ने नमाज पढ़कर शांति और खुशहाली की दुआएं कीं। ईद के इस खास दिन घरों में शीर-खूरमा बनाया जाता है। लोग नए कपड़े पहनते हैं और सुबह नमाज अदा भी करते हैं। इसके बाद सभी लोग अपने करीबियों से मिलते हैं और पकवान खाकर त्योहार का लुत्फ उठाते हैं। ईद मुसलमानों के लिए एक मुबारक त्योहार होता है, मुस्लिम समाज 30 दिन रोजे रखते हैं, जिसके बाद ईद का त्योहार मनाया जाता है।
जबकि इसके इतर राजस्थान में दो समुदायों के बीच बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ईद की नमाज के बाद जोधपुर के जालोरी गेट इलाके में फिर तनाव बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया है। लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पडे़। स्वतंत्रता सेनानी पर लगे झंडे को हटाने की फिर से कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने यह एक्शन लिया।
बता दें कि सोमवार की रात ईद-उल-फितर और अक्षय तृतीया त्योहार से ठीक पहले दो समुदायों के बीच हिंसक झड़पें देखी गई। झड़प की सूचना सबसे पहले जालोरी गेट चौराहे पर तब मिली जब एक समुदाय के कुछ बदमाशों ने ईद से पहले बालमुकंद बिस्सा सर्कल में इस्लामिक झंडा फहराया और भगवा झंडा हटा दिया। इसका बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों समुदायों के बीच बहस हिंसक हो गई। पथराव की भी सूचना मिली और पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
फिलहाल पूरे शहर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने त्योहारों को सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। हिंसक झड़पों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। जोधपुर संभागीय आयुक्त हिमांशु गुप्ता की ओर से जारी आदेश में पूरे जोधपुर जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।