जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सभागार में शुक्रवार को कुलपति प्रोफेसर डॉ. गंगाधर पंडा की अध्यक्षता में 71वें सिंडिकेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि जेपीएससी के द्वारा कुल 15 उम्मीदवारों के नाम पर अनुशंसा कर भूगोल विभाग में भेजा गया था। 15 उम्मीदवारों में 3 पीजी विभाग के लिए व 12 उम्मीदवार विभिन्न कॉलेजों के लिए दिये गये थे। उक्त सभी उम्मीदवारों के सर्टिफिकेट का वेरीफिकेशन पूर्व में किया जा चुका था। सर्टिफिकेट वेरीफिकेशन के दरम्यान 14 उम्मीदवार उपस्थित हुए थे। एक उम्मीदवार अनुपस्थित था। उक्त उम्मीदवार से विश्विद्यालय की ओर से संपर्क किया गया तो पता चला कि वह दूसरे संस्थान में नौकरी कर रहा है। ऐसे में 14 में से 3 उम्मीदवार का पीजी विभाग के लिए व 11 उम्मीदवार का विभिन्न कॉलेजों के लिए चयन किया गया। जिसके आलोक में सभी 14 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए सिंडिकेट की ओर से कुलपति को अधिकृत किया कर दिया गया है।
विवि के प्रवक्ता डॉ पीके पाणी ने बताया कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर 14 उम्मीदवारों में से 11 उम्मीदवार की नियुक्ति विभिन्न कॉलेजों में कर दी जायेगी। इसके बाद 20 जून या उसके बाद उन्हें कॉलेजों में योगदान देने के लिए निर्देशित किया जायेगा। इसके अलावा सिंडिकेट की बैठक में एकेडमिक काउंसिल व फाइनेश कमेटी से संबंधित अप्रूवल भी प्रदान किया गया। कोल्हान विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में पूर्व से घंटी आधारित शिक्षक कार्यरत हैं। ऐसे में 11 उम्मीदवारों की नियुक्ति होने पर घंटी आधारित छह शिक्षकों की सेवा स्वतः समाप्त हो जायेगी। इस संबंध में डॉ पीके पाणी ने बताया कि विवि के कॉलेजों में घंटी आधारित शिक्षकों को इसी शर्त के साथ रखा गया था कि जैसे ही सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति हो जायेगी। उन्हें स्वतः कार्यमुक्त कर दिया जायेगा। उन्होनें बताया कि विश्वविद्यालय में छह पद रिक्त बचे थे। वहीं रिक्त छह पदों के एवज में घंटी आधारित 12 शिक्षक कार्यरत थे। अतिरिक्त घंटी आधारित छह शिक्षकों को रोस्टर के आधार पर बाहर कर किया जायेगा। आज के सिंडिकेट की बैठक में इसी को हथियार बनाते हुए मेरिट लिस्ट और रोस्टर के आधार पर घंटी आधारित छह शिक्षकों को रखने का आदेश दिया गया है। साथ ही बाकी को स्वतः सेवा से मुक्त करने का आदेश दे दिया गया है।

