मिरर मीडिया : आगामी होने वाले संभावित धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों के सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया। आपको बता दें कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र में चुनाव के लिए कुल 954 बूथ बनाये गये हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर धनबाद नगर निगम चुनाव की प्रशासनिक तैयारी आधिकारिक रूप से शुरू हो गयी।
समाहरणालय, नगर निगम, सभी संबंधित अंचल कार्यालय, उप निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में संभावित मतदान केंद्रों की सूची लगायी गयी है। इस पर राजनीतिक दलों, आमजनों से आपत्ति भी आमंत्रित की गयी है। किसी भी तरह की आपत्ति 14 अक्तूबर तक दर्ज करायी जा सकती है। सभी आपत्तियों का निराकरण 22 अक्तूबर तक करना है। 28 अक्तूबर तक राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमति लेनी है। इसके बाद 29 अक्तूबर को मतदान केंद्रों की सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
विदित हो कि धनबाद नगर निगम में कुल 55 वार्ड हैं। वार्डवार मतदाता सूची का विखंडीकरण भी शुरू हो गया है। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 19 अक्तूबर को होगा। जबकि आपत्तियां चार नवंबर तक ली जायेगी। सात नवंबर को मतदाता सूची को मंजूरी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के पास भेजा जायेगा। वहां से मंजूरी के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
इधर सूत्रों कि माने तो नगर निगम चुनाव को लेकर आरक्षण रोस्टर में बदलाव किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद ओबीसी के लिए आरक्षित मेयर तथा वार्ड पार्षद के विभिन्न पद अनारक्षित या एससी, एसटी के लिए आरक्षित हो सकता है। आरक्षण रोस्टर जारी होने के बाद ही मेयर पद के लिए विभिन्न राजनीतिक दल अपना पत्ता खोल सकते हैं। हालांकि, मेयर तथा वार्ड पार्षद का चुनाव गैर दलीय आधार पर होना है।