मिरर मीडिया : कोरोना का बदलता नया स्वरुप दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ओमिक्रॉन के BF.7 वेरिएंट से अभी दुनिया निपटी नहीं है कि एक और जानलेवा XBB15 वेरिएंट का खतरा मंडराने लगा है। यह नया वेरिएंट ओमिक्रॉन के BF.7 से ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है। जो भविष्य में बहुत बड़ा रूप ले सकता है।
जानकारी के मुताबिक, XBB15 रोग प्रतिरोधक क्षमता को जबरदस्त तरीके से चकमा देता है। यह BQ और XBB के वेरिएंट से संक्रमण फैलाने में कहीं ज्यादा खतरनाक है। इससे जुड़ा डाटा बताता है कि इसे सुपर वेरिएंट भी कहा जा सकता है। अमेरिका में यह 40 फीसदी तक फैल चुका है। इसकी वजह से अस्पताल मरीजों से भर गए हैं।
हालांकि इस नए वेरिएंट XBB15 को आए हुए ज्यादा समय नहीं हुआ है। पहले भी XBB के बारे में चेतावनी दी जा चुकी थी उस वक्त उन्होंने बताया था कि इस वेरिएंट की मौजूदगी सिंगापुर में नजर आई है। लेकिन, XBB15 अमेरिका से निकला हुआ वेरिएंट है और XBB के मुकाबले 96 फीसदी तेज है। XBB15 सबसे पहले अक्टूबर में न्यूयॉर्क शहर में पाया गया था। यह तभी से वहां आतंक मचा रहा है।