जमशेदपुर : आगामी मानसून को देखते हुए जुगसलाई व मानगो में सभी बड़े नालों व छोटी नालियों की साफ-सफाई कराई जा रही है। इस क्रम में आज से बड़े नालों की सफाई कार्य शुरू किया गया। मानगो में बरसात से पहले सभी नालों की साफ सफाई का काम पूरा करने के लिए सभी नालों के साफ सफाई से संबंधित काम करने वाले सभी संवेदको को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा जिन संवेदको को कार्यालय से नाली सफाई करने के लिए कार्य आदेश जारी किए गए हैं, उन सभी संवेदको को छोटी व बड़ी दोनों नालियों की सफाई कराना आवश्यक है। जाकिर नगर पांच नंबर, मून सिटी, उलीडीह टैंक रोड, आजाद नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े नालों की साफ सफाई का कार्य कराया गया। जेसीबी मशीन का उपयोग करते हुए बड़े नालियों का साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है।

नगर प्रबंधकों, अभियंताओं व सफाई पर्यवेक्षको को नालों के साफ-सफाई से संबंधित कार्यों का क्लोज मॉनिटरिंग करते हुए रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं जुगसलाई में शिव घाट रोड तथा स्टेशन रोड में छोटे नालों की सफाई कार्य किया गया। इसके साथ ही नगर परिषद अंतर्गत अवस्थित सभी सामूदायिक व सार्वजनिक शौचालय की प्रतिदिन साफ-सफाई करवाया जा रहा है। रात्रिकालीन साफ सफाई व कूड़े का उठाव का कार्य किया जा रहा है। जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत सभी नागरिकों को सूचित किया गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकना व गोबर को सार्वजनिक स्थलों में फेंकना व नाली में बहाना दंडनीय अपराध है। इसे लेकर सभी नागरिक से अपील किया गया है कि वह अपने आवासीय व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों दुकानों व संस्थानों में उत्पन्न होने वाले कूड़े को जुगसलाई नगर परिषद द्वारा निर्धारित यूजर चार्ज का भुगतान करते हुए कूड़े को जुगसलाई नगर परिषद द्वारा अधिकृत घर-घर से कूड़ा संग्रहण करने वाले वाहन में ही दें। कूड़े को किसी भी दशा में यत्र तत्र, नदी, नाला, नाली, सड़क व खुले स्थान में ना फेंके और ना ही जलाएं, गोबर को सार्वजनिक स्थलों में ना फेंके और ना ही नाली में बहाएं। ऐसा कृत करते पाए जाने पर नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत जुर्माना वसूलते हुए विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

