मिरर मीडिया : झारखंड के रांची से बड़ी खबर है कि झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन में आज से सुनवाई शुरू हो जाएगी। आपको बता दें कि आज से नए भवन में न्यायालय का सारा कामकाज किया जाएगा। वहीं HC के नए भवन में पहले ही दिन संविधान पीठ बैठेगी और पांच जजों वाली संविधान पीठ सुनवाई करेंगी।
जानकारी के अनुसार आज कुछ वकीलों को भी सम्मानित किया जाने वाला है।

गौरतलब है कि 24 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नए भवन का उद्घाटन किया गया था।
इस अवसर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा तथा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित थे।
165 एकड़ में फैला इसका परिसर क्षेत्रफल की दृष्टि से देश के सभी हाईकोर्ट के परिसरों से बड़ा है। इसका परिसर सुप्रीम कोर्ट के परिसर (22 एकड़) से भी कई गुना बड़ा है।
नए उच्च न्यायालय भवन में 25 वातानुकूलित अदालत कक्ष और 1,200 लोगों के बैठने की क्षमता वाले दो हॉल तथा 540 कक्ष हैं। नए परिसर में 30 हज़ार वर्गफीट में लाइब्रेरी बनाई गई है, जिसमें करीब पाँच लाख से अधिक कानूनी पुस्तकें रखी जा सकती हैं।