मिरर मीडिया : आखिरकार 64 चतुर्थ वर्गीय (फोर्थ ग्रेड) कर्मचारियों को झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों के कार्यालय में समायोजित कर लिया गया है। आपको बता दें कि 1/7/2004 को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के विघटन के साथ झारखंड राज्य में कार्यरत चार पथ परिवहन निगम के कर्मियों का समायोजन नहीं हो सका था जिसे कोर्ट के आदेश के बाद समायोजित कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार कोर्ट द्वारा पारित आदेश के बाद चार पथ परिवहन निगम प्रमंडलीय कार्यालय रांची, धनबाद, दुमका एवं जमशेदपुर को चतुर्थ संवर्गो में सभी अहर्ताओं को पूरा करते हुए समायोजित किया गया है। न्यायालय के आदेश के अनुसार सभी पथ परिवहन निगम कर्मियों की पहले की सेवा की गणना वैचारिक रूप से की जाएगी जबकि सभी सेवान्त लाभ का भुगतान वास्तविक रूप से उक्त तिथि 1/4/2007 से ही मिलेगा।
इतना ही नहीं कर्मियों को पांचवा व छठा वेतनमान का लाभ भी निर्धारित तिथि से मिलेगा। वहीं उपर्जित अवकाश अधिकतम 300 दिवस के समतुल्य राशि का भुगतान पुनरक्षित वेतन के आलोक में किया जाएगा।
इधर परिवहन विभाग ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिया है। जिसके तहत बिहार राज्य परिवहन निगम के विघटन की तिथि को चारों पथ परिवहन निगम के चतुर्थ वर्गीय कर्मियों के सेवपुष्टि एवं अन्य देयताओं की जांच सम्बंधित जिले के उपायुक्त द्वारा गठित समिति करेगी और प्राथमिकता के आधार पर अनुमान्य बकाया भुगतान के लिए विभाग को रिपोर्ट देगी।
वहीं बकाया आदि भुगतान के लिए परिवहन विभाग ने 5 करोड़ राशि का भी प्रावधान किया है।