डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: संतोष कुमार गंगवार होंगे झारखंड के नए राज्यपाल: राष्ट्रपति ने शनिवार की देर रात झारखंड, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए हैं। जिसके बाद संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है।वह सी पी राधाकृष्णन की जगह लेंगे। वहीं, सी पी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
कई राज्यों में नियुक्त हुए नए राज्यपाल
लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को मणिपुर के अतिरिक्त प्रभार के साथ असम का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, गुलाब चंद कटारिया को बनवारीलाल पुरोहित के स्थान पर पंजाब का राज्यपाल बनाया गया है।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुलाब चंद कटारिया का स्थान लिया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक पद से पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया पंजाब के राज्यपाल और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक होंगे।
साथ ही बयान में कहा है कि हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जिष्णु देव वर्मा तेलंगाना के राज्यपाल होंगे और ओम प्रकाश माथुर सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे।
के कैलाशनाथन बने पुडुचेरी के उपराज्यपाल
वहीं , रमेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल और सी एच विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। साथ ही के कैलाशनाथन को पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में नियुक्त किया है। बयान में कहा गया है कि ये नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।