डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: भारत और चीन के बीच जारी सैन्य गतिरोध पर मंगलवार को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर स्थिति स्थिर और संवेदनशील है, लेकिन सामान्य नहीं है।
कूटनीतिक वार्ता के सकारात्मक संकेत
जनरल द्विवेदी ने बताया कि जुलाई और अगस्त में दोनों देशों के बीच दो दौर की कूटनीतिक वार्ता हो चुकी है, जिसमें सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर कूटनीतिक फैसले को लागू करना दोनों पक्षों के सैन्य कमांडरों पर निर्भर करेगा। यह बयान उन्होंने चाणक्य डिफेंस डॉयलॉग के दौरान दिया।
सैन्य तैयारियों का आश्वासन
सेना प्रमुख ने आगे कहा, हम चाहते हैं कि अप्रैल 2020 से पहले वाली स्थित बहाल हो। जब तक स्थिति बहाल नहीं होती है तब तक संवेदनशीलता बनी रहेगी। सेना किसी भी तरह की आकस्मिक स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
चीन के साथ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की आवश्यकता
जनरल द्विवेदी ने चीन के मुद्दे पर कहा, “चीन के साथ आपको प्रतिस्पर्धा करनी होगी। आपको सहयोग करना होगा। आपको सह-अस्तित्व में रहना होगा। टकराव और मुकाबला भी आवश्यक है।
2020 से जारी है गतिरोध
भारत और चीन के बीच यह सैन्य गतिरोध मई 2020 में शुरू हुआ था, और अब तक जारी है। विशेष रूप से जून 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्ते बेहद बिगड़ गए हैं। भारत ने स्पष्ट किया है कि जब तक सीमा पर गतिरोध समाप्त नहीं होगा, तब तक चीन के साथ संबंध सामान्य नहीं होंगे।
कोर कमांडर स्तर की बातचीत
अब तक दोनों देशों के बीच कोर कमांडर स्तर की 21 दौर की बातचीत हो चुकी है। कुछ बिंदुओं पर चीन की सेना पीछे हटी है, लेकिन भारत देपसांग और डेमचोक क्षेत्र से पीछे हटने का दबाव बना रहा है। पिछले महीने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में इस मुद्दे पर चर्चा की थी।
यह बयान और कूटनीतिक प्रयास दर्शाते हैं कि दोनों देशों के बीच स्थिति को सामान्य करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं, हालांकि जमीनी स्तर पर अभी भी चुनौतियाँ बनी हुई हैं।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।