डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: कोडरमा के डोमचांच स्थित सीएम हाई स्कूल के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज सम्पदाओं से परिपूर्ण प्रदेश है, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इसे लूट का प्रदेश बना दिया है। योगी ने इस अवसर पर झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले किए और जनता से बीजेपी के पक्ष में समर्थन मांगा।
औरंगजेब से की आलमगीर आलम की तुलना
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि जिस तरह से औरंगजेब ने देश को लूटा, उसी तरह झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम ने राज्य की जनता का पैसा लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जिस भी राज्य में सत्ता में आई है, वहां के संसाधनों का सही उपयोग हुआ और समग्र विकास हुआ। उन्होंने कहा कि झारखंड की खुशहाली के लिए बीजेपी की सरकार बनानी आवश्यक है।
‘एक रहिए और नेक रहिए’ का दिया संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बंटने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास गवाह है कि जब भी हम जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजित हुए हैं, तब हमने नुकसान उठाया है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर बीजेपी का समर्थन करने का आग्रह किया और कहा कि जो लोग जाति के आधार पर जनता को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, वे देश के साथ धोखा कर रहे हैं।
देश की सुरक्षा के लिए बीजेपी ने कभी समझौता नहीं किया: योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर बात करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में चीन भारत को आंख दिखाता था, पर आज बीजेपी के शासनकाल में चीन पीछे हटने को मजबूर है और सीमा पर हमारे जवानों की कड़ी निगरानी है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के निर्णय की सराहना की और कहा कि इसके बाद कश्मीर में शांति और खुशहाली कायम हुई है।
माफियाओं पर यूपी का बुलडोजर मॉडल झारखंड में भी लाने की बात
मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अपनाए गए बुलडोजर मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार माफियाओं को खत्म करने में सक्षम है। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद यूपी में माफिया पूरी तरह से समाप्त हो चुके हैं। झारखंड की जनता को भी इसी तरह का शासन देने के लिए बीजेपी की सरकार की आवश्यकता है।
राम मंदिर से लेकर डबल इंजन की सरकार का किया वादा
योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्री रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए इसे देश की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने झारखंड के लिए ‘डबल इंजन की सरकार’ का आह्वान किया और कहा कि बीजेपी के शासन में हर घर को पक्का मकान, युवाओं को भत्ता, और लोगों को मुफ्त बालू जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
इस चुनावी सभा में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, भाजपा प्रत्याशी नीरा यादव और अमित यादव सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी जनता को संबोधित किया और झारखंड के विकास के लिए बीजेपी का समर्थन मांगा।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।