झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं। मंत्रियों के शपथ ग्रहण का आयोजन रांची स्थित राजभवन के बिरसा मंडप में किया गया है, जहां तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोपहर 12 बजे से अशोक उद्यान में आयोजित इस समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नवनियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी भी प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ लेंगे। मरांडी विधानसभा सत्र के दौरान नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। वह 1980 से झारखंड की राजनीति में सक्रिय हैं और विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायक हैं।
कौन-कौन लेंगे मंत्री पद की शपथ?
शपथ ग्रहण समारोह में झामुमो, कांग्रेस और राजद के विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। झामुमो से चमरा लिंडा, सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र महतो, दीपक बिरुआ, रामदास सोरेन, और हफीजुल हसन का नाम शामिल है। कांग्रेस से नेहा शिल्पी, राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी शपथ लेंगे। वहीं, राजद से संजय यादव मंत्री पद संभालेंगे।
इंडी गठबंधन का समीकरण
झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन को 56 सीटें मिली थीं, जिसमें झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राजद को 4, और भाकपा-माले को 2 सीटें प्राप्त हुई थीं। इस समीकरण के आधार पर झामुमो के छह, कांग्रेस के चार और राजद के एक विधायक को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही 28 नवंबर को 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले चुके हैं। अब मंत्रिमंडल विस्तार के साथ सरकार पूरी तरह कार्यभार संभालने को तैयार है।