डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: शनिवार शाम से दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुरू हुई बारिश रविवार को भी जारी रही। हल्की बारिश के साथ ठंड और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह के समय घने कोहरे के कारण कई उड़ानें विलंबित हुईं और दो दर्जन से अधिक ट्रेनें लेट चलीं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
पंजाब और हरियाणा में तापमान गिरा, ठिठुरन बढ़ी
पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। हरियाणा का नारनौल रविवार को 6.8 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। चंडीगढ़ और अंबाला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पंजाब में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भारी बर्फबारी, मार्ग बाधित
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। श्रीनगर में शनिवार रात तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि पहलगाम में यह शून्य से 6.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के अटल टनल और नारकंडा में भारी बर्फबारी के कारण कई मार्ग बंद हो गए हैं। शिमला-चौपाल राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गया।
उत्तराखंड में बर्फबारी से धामों तक पहुंचना मुश्किल
उत्तराखंड के चारधाम और ऊंचे क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, बद्रीनाथ हाईवे, और थल-मुनस्यारी मार्ग पर बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित है। केदारनाथ धाम में तीन फीट तक बर्फ जमा हो गई है, जहां तापमान माइनस 19 डिग्री तक पहुंच गया है।
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 16 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल के ऊना, मंडी, कांगड़ा और बिलासपुर में शीतलहर का प्रकोप अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। वहीं, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन बाधित रहने की आशंका है।