हाजीपुर, 30 जनवरी 2025 – पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने आज मुख्यालय, हाजीपुर में विभागाध्यक्षों और अन्य अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में यात्री सुविधाओं, रेल संरक्षा और आधारभूत संरचना विकास से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी गई। महाप्रबंधक ने यात्री सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और संरक्षा नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
इसके अलावा, निर्माण परियोजनाओं की निगरानी और उनकी गति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। महाप्रबंधक ने नई योजनाओं के कार्यान्वयन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।