Homeमौसमकंबल रजाई समेटने वाले सावधान! : उत्तर भारत में बढ़ती ठंड से...

कंबल रजाई समेटने वाले सावधान! : उत्तर भारत में बढ़ती ठंड से बदलने वाला हैं मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और सुबह-शाम की ठंड और तेज हो गई। दिल्ली-एनसीआर में पछुआ हवाओं के चलते ठंड का असर बना हुआ है।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 6 और 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है।

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के आसार

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 8 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर पड़ेगा। 8 से 11 फरवरी के बीच यहां हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। स्काईमेट के अनुसार, गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी बारिश के संकेत

मौसम एजेंसियों ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

बिहार में सर्दी जारी, घना कोहरा छाए रहने के आसार

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, जिससे ठंड का प्रकोप जारी है। पटना, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और गया समेत कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी की भी उम्मीद जताई गई है। पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।

हिमाचल और ओडिशा में भी कोहरे की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

मौसम विभाग की सलाह है कि लोग ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतें और आवश्यकतानुसार गरम कपड़े पहनें। वहीं, किसानों को भी मौसम के बदलाव को ध्यान में रखते हुए फसलों की देखभाल करने की सलाह दी गई है।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular