नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें पेट से जुड़ी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और उनकी हालत स्थिर है।
डॉक्टरों की निगरानी में सोनिया गांधी
सर गंगा राम अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. समीरन नंदी की देखरेख में रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और संभावना है कि उन्हें शुक्रवार शाम तक अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
हाल ही में संसद में हुई थीं शामिल
सोनिया गांधी की हालिया सार्वजनिक उपस्थिति 13 फरवरी को राज्यसभा में बजट सत्र के दौरान देखी गई थी। इससे कुछ दिन पहले, 10 फरवरी को, उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द जनगणना पूरी करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जनगणना में देरी के कारण करीब 14 करोड़ लोग राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून (एनएफएसए) के तहत मिलने वाले लाभ से वंचित रह रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा पर दिया था बयान
राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान सोनिया गांधी ने तर्क दिया था कि वर्तमान में लाभार्थियों की पहचान 2011 की जनगणना के आधार पर की जा रही है, जबकि अब तक देश की जनसंख्या काफी बढ़ चुकी है। उन्होंने 2013 में यूपीए सरकार द्वारा लागू किए गए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को देश की 140 करोड़ आबादी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया था, जो लोगों को खाद्य और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पिछले साल दिसंबर में 78 वर्ष की हुई थीं।