संवाददाता, धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में सोमवार को संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा ने फरवरी 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 27 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया।

पुरस्कृत कर्मचारियों ने धनबाद मंडल के विभिन्न खंडों में रेल फ्रैक्चर, हॉट एक्सल और अन्य संरक्षा संबंधी खामियों को समय रहते चिन्हित किया, जिससे संभावित दुर्घटनाओं और परिचालन संबंधी बाधाओं को रोका जा सका। इनके सतर्कता भरे कार्यों ने रेल संचालन को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और सतर्कता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रेलवे की संरक्षा में योगदान देने वाले कर्मचारियों को उचित सम्मान और प्रोत्साहन मिलता रहेगा।