बदलेगा झारखंड में मौसम का मिजाज, बारिश के साथ तेज हवा की चेतावनी, तापमान में आएगी गिरावट

KK Sagar
1 Min Read

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। तपती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम में यह बदलाव आज शाम से दिखने लगेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवा के कारण तापमान में कमी दर्ज की गई है। आज राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से—पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 मार्च को राज्य के दक्षिणी हिस्से—पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां—के साथ-साथ निकटवर्ती मध्य भाग—रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो—तथा उत्तर-पूर्वी हिस्से—देवघर, दुमका, गोड्डा और धनबाद—में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से राजधानी समेत पूरे राज्य में भीषण गर्मी का असर दिख रहा था। लेकिन, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवा के कारण अब मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

Advertisement
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....