Jamshedpur : छात्र नाम रोशन कर रहे है वर्कर्स कॉलेज का, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : वर्कर्स कॉलेज के छात्रों ने कॉलेज का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में यहां के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कॉलेज के विद्यार्थियों ने खेलों में अपनी कड़ी मेहनत और लगन का परिचय देते हुए कई सम्मानजनक उपलब्धियां हासिल की हैं।कॉलेज के विद्यार्थी, वोकेश्वर राव (बी.कॉम, सेमेस्टर 1) और दिपांशु सिंह (बी.एससी, सेमेस्टर 2, जूलॉजी ऑनर्स) ने हाल ही में आयोजित 21वीं सीनियर नेशनल रॉल बॉल चैंपियनशिप में भाग लिया।

यह प्रतियोगिता तमिलनाडु में आयोजित हुई थी, और उन्होंने अपनी शानदार खेल क्षमता का परिचय दिया। इन दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की टीम में जगह बनाई और अपनी प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। इस टीम की कोचिंग में चंदेश्वर कुमार (अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच एवं रेफरी) और ज्योति साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इसी बीच दिपांशु सिंह ने 38वें राष्ट्रीय खेल (नेशनल गेम्स) में भी अपने कौशल का लोहा मनवाया। उत्तराखंड में 7 से 14 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने मॉडर्न पेंटाथलॉन में तीसरा स्थान (कांस्य पदक) प्राप्त किया। उनके इस अद्वितीय प्रदर्शन के पीछे उनके कोच युवराज पटेल का मार्गदर्शन था।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यप्रिय महालिक, आईक्यूएसी सेल और सभी संकाय सदस्यों ने इन छात्रों की शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उनका मानना है कि इस प्रकार की सफलता न केवल कॉलेज के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह अन्य छात्रों को भी खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।

Share This Article