झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज,अगले तीन दिनों तक बारिश और गरज के आसार

Anupam Kumar
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में तपती गर्मी ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। तेज धूप के कारण दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो रही है। राजधानी रांची में भी गर्मी के कारण लोग बेहाल नजर आ रहे हैं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: जल्द आएगी राहत

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राहत के संकेत दिए हैं। पूर्वानुमान के अनुसार, 2, 3 और 4 अप्रैल को राज्य का मौसम करवट लेगा। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बादल छाने और बारिश की संभावना जताई गई है।

यह भी देखें :

भारतीय रेलवे में धनबाद मंडल का दबदबा, दूसरे साल भी रहा अव्वल,करीब 27 हजार करोड़ मिला राजस्व

इन जिलों में तेज हवा और मेघगर्जन की संभावना

राज्य के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के अलावा मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी और बोकारो तथा दक्षिणी क्षेत्र पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 और कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

बिजली गिरने की आशंका, आरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम खराब होने पर बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए चेतावनी, फसलों के नुकसान की आशंका

मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान तेज हवाओं और बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

अधिकतम तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राजधानी और आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

Share This Article