डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड का मौसम इन दिनों अजीबो-गरीब करवटें ले रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे तेज धूप की तपिश थोड़ी कम जरूर हुई है, लेकिन वर्षा न होने से उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में आंधी, गर्जन और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसको लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
धनबाद में भी दिखेगा असर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग के अनुसार धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, वहीं किसानों के लिए यह मौसम बड़ी चुनौती बन सकता है।
यह भी देखें :
बार-बार स्थगित हो रही परीक्षा से परेशान छात्र, BBMKU की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कुछ दिन राहत, फिर मौसम बदलेगा रंग
शनिवार के बाद अगले एक-दो दिनों तक गर्मी दोबारा असर दिखा सकती है। लेकिन इसके बाद मौसम के फिर से करवट लेने की संभावना है। मौसम विभाग ने 7 से 9 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाने और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।
अगले 15 दिनों का पूर्वानुमान: अप्रैल में दो रंग दिखाएगा मौसम
मौसम विभाग द्वारा जारी 15 दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 4 से 10 अप्रैल तक झारखंड के विभिन्न इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन यह वर्षा सामान्य से कम रहेगी। वहीं 11 से 17 अप्रैल के बीच सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। राहत की बात यह है कि इस दौरान अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाने की संभावना नहीं है।