बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट के मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य ऑडिटोरियम में गैस सुरक्षा पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुरक्षा अभियंत्रण विभाग और ऊर्जा प्रबंधन विभाग के सहयोग से संयंत्र के विभिन्न विभागों के लगभग 55 अधिकारियों, कर्मचारियों और निविदा कर्मियों के लिए आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियंत्रण विभाग) सुखदेव महतो के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाई और गैस सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संयंत्र में गैस का उपयोग अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसमें सतर्कता बेहद जरूरी है।
इसके बाद ऊर्जा प्रबंधन विभाग के सहायक प्रबंधक सुशील कुमार साल्वी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से गैस सुरक्षा से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा की। उन्होंने गैस के सुरक्षित उपयोग, संभावित खतरों और आपातकालीन उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
इस आयोजन में ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देना था।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्राप्त जानकारी को अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने का संकल्प लिया।