खर्चा-पानी मांगना पड़ा भारी! रिश्वत के 5 हजार लेते ही ACB ने ASI को पकड़ा

KK Sagar
1 Min Read

धनबाद/बोकारो: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो जिले के बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मो० याकूब अंसारी को 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ACB से शिकायत की थी कि वर्ष 2009 में खरीदी गई जमीन से जुड़े मामले की जांच एवं स्थल निरीक्षण के नाम पर पुलिस पदाधिकारी द्वारा “खर्चा-पानी” के तौर पर 5 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

ACB द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद धनबाद ACB थाना कांड संख्या-04/2026 दर्ज कर धावा दल का गठन किया गया।

मंगलवार 26 मई 2026 को टीम ने बोकारो जिला अंतर्गत नया मोड़ के पास फल दुकान के सामने आरोपी ASI मो० याकूब अंसारी को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी स्वतंत्र गवाहों एवं दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....