सरायकेला- झिमड़ी गांव में साम्प्रदायिक तनाव: युवती अपहरण के बाद हिंसा, दुकानों में आगजनी, पुलिस पर पथराव

KK Sagar
2 Min Read


सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झिमड़ी गांव में रविवार को उस समय तनाव फैल गया जब मुस्लिम समुदाय के मोहम्मद तसलीम द्वारा एक हिंदू लड़की का कथित रूप से हथियार के बल पर अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई न किए जाने और आरोपी को गिरफ्तार न किए जाने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, मोहम्मद तसलीम ने तालिबानी तरीके से लड़की के घर में घुसकर हथियार दिखाते हुए उसका अपहरण कर लिया था। घटना के बाद जब नीमडीह पुलिस लड़की की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं कर पाई, तो गुस्साए ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने झिमड़ी गांव के बाजार में स्थित चप्पल एवं कपड़ों की दुकानों में आग लगा दी।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख, पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के दौरान, ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल को बुलाया गया, जिसने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) और चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। नीमडीह सीओ और वीडीओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी गांव पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....