पहलगाम हमले के बाद भारत की सख्त कार्रवाई से पाकिस्तान पूरी तरह बौखला गया है। लगातार पांचवें दिन पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलीबारी की है। भारतीय सेना ने जानकारी दी कि 28-29 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा, बारामुला जिलों और अखनूर सेक्टर में बिना किसी उकसावे के फायरिंग की। भारतीय सेना ने हर बार प्रभावी तरीके से इसका जवाब दिया है।
पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान लगातार सीमा पर तनाव बढ़ा रहा है। यह चौथी बार है जब उसने रात के अंधेरे में बिना किसी उकसावे के फायरिंग की है। भारतीय सेना की सख्त प्रतिक्रिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह हिला दिया है, जिसके चलते वह बार-बार गोलीबारी कर अपनी भड़ास निकाल रहा है।
एलओसी पर तनाव अब चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। 2021 के संघर्ष विराम के बाद से सीमा पर शांति बनी हुई थी, लेकिन पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने इस शांति को भंग कर दिया है। 740 किलोमीटर लंबी सीमा के कई हिस्सों में लगातार फायरिंग की जा रही है, जिसका भारतीय सेना पूरी मुस्तैदी से जवाब दे रही है और हाई अलर्ट पर है।
भारत सरकार ने पहलगाम हमले के बाद कई बड़े फैसले लिए हैं। इसमें अटारी बॉर्डर को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को निलंबित करना, पाक नागरिकों को देश छोड़ने के लिए 40 घंटे का समय देना और दोनों देशों के उच्चायोगों में अधिकारियों की संख्या घटाना शामिल है। इसके अलावा भारत ने 1960 में हुई सिंधु जल संधि को भी स्थगित कर दिया है। इस कदम के बाद पाकिस्तान ने युद्ध की धमकी दी है, लेकिन भारत अपने रुख पर अडिग है।