मिरर मीडिया संवाददाता, बोकारो: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने बोकारो रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर सेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने आतंकियों और उनके संरक्षकों को मिट्टी में मिलाने का साहसिक कार्य कर पूरी दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया है।
सुनील बंसल ने कहा कि 1971 के बाद पहली बार भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को नष्ट किया, जिससे यह साबित हो गया कि अब भारत चुप नहीं बैठता। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुंचाए बिना, केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत बताते हुए कहा कि जब नेतृत्व सशक्त होता है तो बड़े और कड़े फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि BJP की नीति स्पष्ट है – देश की सुरक्षा और सम्मान पर कोई समझौता नहीं होगा।
वन नेशन, वन इलेक्शन की आवश्यकता पर बल देते हुए सुनील बंसल ने कहा कि इससे संसाधनों की बचत होगी और देश का विकास तेज़ी से संभव होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक देश, एक चुनाव के पक्ष में है, जिससे लोकतंत्र और व्यवस्था दोनों को स्थायित्व मिलेगा।
इस दौरान उनके साथ पुरुलिया सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, चंदनक्यारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी, जिलाध्यक्ष जयदेव राय, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।