Bihar: पटना के सिटी सेंटर मॉल में फिल्म ‘फुले’ देख रहे राहुल गांधी, कार्यकर्ताओं को नही मिली इंट्री तो जमकर काटा बवाल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज बिहार दौरे पर हैं। दरभंगा के अंबेडकर हॉस्टल में ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार दोपहर पटना पहुंचे। यहां पर कांग्रेसियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सिटी सेंटर मॉल पहुंचे। यहां 400 सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ ‘फुले’ सिनेमा देख रहे हैं।  राहुल गांधी के साथ कुछ कांग्रेसी नेताओं को हॉल में इंट्री दी गई। वहीं, दूसरी तरफ कई कार्यकर्ताओं के पास टिकट और इंट्री पास होने के बाद इंट्री नही दी गई। जिसके बाद जमकर बवाल हुआ।

‘कांग्रेस और राहुल से डरी नीतीश सरकार’

प्रदर्शन करने वालों का कहना था कि उनके पास राहुल के साथ फिल्म देखने का पास था। बावजूद इसके प्रशासन ने सिर्फ राहुल गांधी और कुछ अन्य लोगों को जाने दिया। शेष लोगों को पास होने के बाद भी मॉल के बाहर रोक दिया गया। इसी कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इसके पहले भी कई बार भाजपा की ओर से पूरे हॉल को बुक कराकर फ़िल्में देखी गई। तब भाजपा को ऐसा करने से नहीं रोका गया लेकिन अब कांग्रेस और राहुल से डर चुकी नीतीश सरकार हमें रोक रही है।

शो के लिए 400 टिकट खरीदे गए

कांग्रेस की ओर से दोपहर 2.20 बजे से 5.20 बजे तक के शो के लिए 400 टिकट खरीदे गए थे। इतना ही नहीं इस सिनेमा के लिए कांग्रेस की ओर से विशेष पास का वितरण किया गया है। इसमें राहुल गांधी और बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की तस्वीर लगी है। जिसके बाद राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मॉल में थिएटर के पास पहुंच गए। कांग्रेस की ओर से पहले ही साफ किया गया था कि राहुल गांधी केवल सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ ही सिनेमा देखेंगे।

टिकट और इंट्री पास के बावजूद नहीं मिली एंट्री

इस दौरान टिकट और इंट्री पास रहने के बावजूद लोगों को थियेटर के अंदर घुसने नहीं दिया गया। जिससे लोग आक्रोशित हो गये। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। लोग टिकट का पैसा वापस करने को कह रहे थे।

Share This Article