रामगढ़: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर झारखंड भर में चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत शनिवार को रामगढ़ प्रखंड कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक मुंडा ढाबा में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड कांग्रेस के पर्यवेक्षक धर्मराज राम उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। प्रखंड कमेटी के गठन को लेकर प्रस्ताव पेश किया गया, जिसमें एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और नौ महासचिवों की नियुक्ति की गई। पर्यवेक्षक धर्मराज राम ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनसे कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगर सभी कार्यकर्ता समर्पण भाव से कार्य करेंगे, तो निश्चित ही आने वाले समय में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी 26 मई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आदिवासी समुदाय के हितों की रक्षा के लिए सरना कोड लागू करने की मांग को लेकर राजभवन के समक्ष एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें रामगढ़ प्रखंड कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।