जमशेदपुर : शहर के एनआईटी कॉलेज में शनिवार को 11वां दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए। सिविल इंजीनियरिंग के छात्र बिट्टू कुमार और पोस्ट ग्रेजुएट की छात्रा वाई वाहिनी को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने गोल्ड मेडल प्रदान किया। सभी 16 ब्रांच के टॉपरों को सिल्वर मेडल प्रदान करते हुए उनके उज्वल भविष्य की कामना की गयी। 11वें दीक्षांत समारोह में संस्थान की ओर से इस वर्ष कुल 904 छात्रों को सर्टिफिकेट दिया गया। जिनमें 587 बीटेक, 145 एमटेक, 84 एमसीए व 16 पीएचडी के छात्रों को. कोरोना गाइड-लाइन का पालन करते हुए करीब 400 छात्रों को प्रमाण पत्र लेने के लिए संस्थान की ओर से आमंत्रित किया गया था।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने संस्थान पास आउट सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर भारत अभियान में अपना योगदान देने की अपील की। उन्होंने छात्रों से न केवल अपने लिए, बल्कि प्रधानमंत्री के सपनों के भारत का निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की। उन्होंने संस्थान के कैम्पस की सराहना करते हुए हाई पैकेज प्राप्त छात्रों को शुभकामनाएं दी। अर्जुन मुंडा ने समारोह में कहा कि वैश्विक त्रासदी के दौर में इतना बढ़िया कैंपस मिलना अपने आप मे उत्कृष्ट प्रदर्शन है। मानव निर्माण में एनआईटी का बड़ा योगदान रहा है। तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ क्रियेटिव लीडरशीप भी बना रहा है। एनआईटी वर्षों से अपनी यात्रा को जारी रखे हुए है। पूरे देश को प्रत्येक क्षेत्र में विकसित करने का भी काम कर रहा है। गुणवत्ता को बढ़ा रहा है और देश के भीतर अपनी आवश्यकता के साथ-साथ राष्ट्र के लिए भी कुछ करने का प्रयास कर रहा है।
बता दें कि इस साल संस्थान से पास आउट 85 फीसदी छात्रों का देश-विदेश के अलग-अलग संस्थानों में कैम्पस सलेक्शन हुआ है। इस साल 57 लाख की वार्षिक सैलरी पर विदेशी कंपनी एटलासियान ने कंप्यूटर साइंस के छह छात्रों को लॉक किया है। साथ ही 40 से 50 लाख के बीच की वार्षिक सैलरी पर 42 छात्र, 30 से 40 लाख के बीच की वार्षिक सैलरी पर 65 छात्र, 20 से 30 लाख के बीच के वार्षिक सैलरी पर 120 छात्रों को बड़ी-बड़ी कंपनियों ने सेलेक्ट किया है। अबतक कंप्यूटर साइंस के 97, सिविल के 80, इलेक्ट्रिकल के 84, इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन के 96, मैकेनिकल के 89, प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल के 72, मेटलर्जिकल के 81 व एमसीए के 92 छात्रों का प्लेसमेंट हो चुका है।

