Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभाने को तैयारी में चिराग, बहनोई अरुण भारती का बड़ा बयान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी पार्टियों में से एक लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के नेता चिराग पासवान केन्द्र की नरेन्द्र मोदी कैबिनेट में मंत्री है। बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए चिराग केंद्र से ज्यादा राज्य पर फोकस कर रहे हैं। चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। चिराग के बाद उनके बहनोई अरुण भारती ने भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि चिराग को किसी सामान्य सीट से चुनाव लड़ना चाहिए। 

चिराग पासवान के बहनोई और जमुई से सांसद अरुण भारती ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान हमेशा कहते हैं कि उनकी राजनीति बिहार केंद्रित है और उनका विजन “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” एक विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प है। यह तभी संभव है जब वे खुद बिहार में रहकर नेतृत्व करें। चिराग पासवान आज सिर्फ प्रतिनिधि नहीं, पूरे बिहार की उम्मीद हैं। उनका यह कदम सामाजिक न्याय की राजनीति को एक नई दिशा देगा। इसमें प्रतिनिधित्व के साथ-साथ सर्वमान्यता की भी लड़ाई लड़ी जाएगी।

चिराग के चुनाव लड़ने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास

अरुण भारती ने कहा कि जब मैं प्रदेश प्रभारी के रूप में गांव-गांव गया, हर जगह लोगों की एक ही मांग थी कि चिराग जी को अब बिहार में बड़ी भूमिका निभानी चाहिए। हाल ही में पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास हुआ कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में खुद चुनाव लड़ें। साथ ही साथ, कार्यकर्ताओं की यह भी भावना है कि इस बार वे किसी आरक्षित सीट से नहीं, बल्कि एक सामान्य सीट से चुनाव लड़ें। ताकि यह संदेश जाए कि वे अब सिर्फ एक वर्ग नहीं, पूरे बिहार का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।

पहली भी चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं चिराग

ये पहली बार नहीं है जब चिराग पासवान के बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की बात उठ रही है। इससे पहले चिराग खुद कई बार यह कह चुके हैं कि वह बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं। पिछले सप्ताह चिराग पासवान ने हाजीपुर में विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वे राज्य के विकास में सक्रिय होकर विकास में भूमिका निभाना चाहते हैं।

हाजीपुर से सांसद हैं चिराग

चिराग पासवान हाजीपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं। चिराग कुमार पासवान वर्तमान मोदी 3.0 कैबिनेट में कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने 9 जून 2024 को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के रूप मे शपथ ली थी। उन्हें पीएम मोदी का हनुमान भी कहा जाता है। पीएम मोदी के साथ उनके रिश्ते काफी अच्छे हैं और देना हमेशा गर्मजोशी के साथ मिलते हैं।

Share This Article