रामगढ़ में हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद, नमाज के बाद देश में अमन-शांति की मांगी गई दुआ

mirrormedia
2 Min Read
Oplus_131072

रामगढ़। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व शनिवार को धार्मिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। गोलपार्क जामा मस्जिद, कादरिया मस्जिद दुसाध मोहल्ला, एकरा मस्जिद पूनी मंडप, नई सराय ईदगाह, नूरी मस्जिद काकेबार, सौदागर मोहल्ला जामा मस्जिद और बस स्टैंड स्थित मदीना मस्जिद सहित कई मस्जिदों में सुबह 7 बजे से 8 बजे के बीच बकरीद की नमाज अदा की गई।

इस अवसर पर मौलाना सज्जाद बरकाती, मौलाना कलीमुद्दीन रिजवी, मौलाना सद्दाम हुसैन और मौलाना मुजीब आलम मिस्बाही सहित विभिन्न इमामों ने नमाज अदा करवाई और नमाज के बाद देश में अमन, शांति, भाईचारे और तरक्की की विशेष दुआ की। मौलाना कलीमुद्दीन रिजवी ने अपने संबोधन में कहा कि “हम सभी को मोहब्बत और इंसानियत के साथ मिल-जुल कर रहने की जरूरत है।”

नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की बधाइयां दीं और त्याग व कुरबानी के इस पर्व को आपसी सौहार्द और प्रेम के साथ मनाया।बकरीद को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस बल की तैनाती रही। थाना स्तर पर अधिकारीगण मुस्तैद नजर आए जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

रामगढ़ सहित सिरका, अरगड्डा, मनुवा, फुलसराय और हैसला जैसे क्षेत्रों में भी बकरीद का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, जहां हजारों लोगों ने नमाज अदा कर देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views