Bihar: चिराग पासवान आज आरा में नव संकल्प महासभा को करेंगे संबोधित संबोधित, वीर कुंवर सिंह की धरती से भरेंगे हुंकार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज बिहार में चुनावी अभियान की शुरूआत कर रहे हैं। चिराग पासवान आरा के रामना मैदान में नव संकल्प महासभा को संबोधित करने वाले हैं। इस रैली में शाहाबाद के 4 जिलों- भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास से भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

चुनाव की तैयारी का शंखनाद

आरा में चिराग पासवान की रैली के लिए पार्टी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। पार्टी का कहना है कि यह महासभा महज एक आमसभा नहीं है, बल्कि 2025 में संभावित बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी का शंखनाद भी है। इस कार्यक्रम के जरिए लोजपा (रा.) अपनी राजनीतिक ताकत का व्यापक प्रदर्शन करेगी और पूरे राज्य में आगामी महीनों में ऐसे कई आयोजन किए जाएंगे। 

एनडीए की एकजुटता का संदेश देंगे चिराग

एनडीए गठबंधन की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की घोषणा हो चुकी है। सभी पार्टियों के नेता यह कह चुके हैं कि अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे। इस बीच चिराग पासवान ने भी हाल ही में कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन धर्म का पालन करेगी और सीट बंटवारे में बीजेपी और जेडी(यू) के साथ तालमेल बनाए रखेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि चिराग पासवान अपनी इस रैली के माध्यम से एनडीए की एकजुटता का संदेश देते भी नजर आएंगे।

चिराग को सर्वसमावेशी नेता के रूप में पेश करने की रणनीति का हिस्सा

लोजपा प्रवक्ता मनीष सिंह ने दावा किया कि यह रैली राज्य की राजनीति में बदलाव का संकेत देगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पार्टी को केवल एक जाति से जोड़कर देखने की कोशिश करते हैं, लेकिन चिराग पासवान को हर वर्ग और समुदाय का समर्थन मिल रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह आयोजन लोजपा (रामविलास) के लिए केवल एक रैली नहीं, बल्कि पार्टी की राज्य में स्वतंत्र पहचान स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा है। हाल के दिनों में चिराग पासवान ने कई जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत किया है और युवाओं को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ने की कोशिश की है।

Share This Article